चांडिल, 16 मई : चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओपी के डैमडूबी, असारनगर में 07 मई को समय करीब 03.15 बजे माईको फाईनास कर्मी से फायरिंग करते हुए लगभग 1,50,000 रूपये की लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दीवान लेआउट, ताजबाग, अयोध्या नगर, नागपुर, महाराष्ट्र से गुलाम मुस्तफा कुरेशी के बेटे तारिक कुरैशी उर्फ अयान कुरैशी नामक अपराधकर्मी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके निशानदेही पर 7.65 एमएम का एक लोडेड पिस्टल और 7.65 एमएम का एक जिंदा गोली बरामद किया है। इसकी जानकारी चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरबिंद कुमार बिन्हा ने दी।
अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त तारिक कुरैशी उर्फ अयान कुरैशी डैमडूबी, असारनगर, थाना- चांडिल, कपाली ओपी का रहने वाला है और वर्तमान में महाराष्ट्र में रहता था। एसडीपीओ ने बताया कि अभियुक्त तारिक कुरैशी उर्फ अयान कुरैशी शातिर अपराधकर्मी है और उसके खिलाफ कुल पांच मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 में हुए जब्बार अंसारी हत्याकांड में विगत 07 साल से फरार चल रहा था। तारिक कुरैशी उर्फ अयान कुरैशी ने पुलिस प्रशासन को नहीं पकड़ पाने की चुनौती दी थी। अपराधकर्मी तारिक कुरैशी उर्फ अयान कुरैशी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरूद्ध चांडिल थाना में एक और चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओपी में कुल चार मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि माईको फाईनास कर्मी से फायरिंग की घटना को अंजाम देते हुए रुपये लूटने की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिले की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने एक टीम का गठन कर मामले का उद्भेदन करने का निsदZश दिया। ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्य तथा मानवीय एवं तकनिकी सूचना के आधार पर इस कांड में शामिल मुख्य अपराधकर्मी तारिक कुरैशी उर्फ अयान कुरैशी को गिरफ्तार किया। नागपुर, महाराष्ट्र से कपाली ओपी लाकर पूछताछ करने के क्रम में उसने अपना अपराध स्वीकार किया। उसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर कांड में प्रयुक्त 7.65 एमएम का 01 (एक) लोडेड पिस्टल एवं 7.65 एमएम का 01 (एक) जिंदा गोली को बरामद कर जप्त किया गया।