
NH-33 पर दादा गैरेज के पास पुलिस की छापेमारी, तीन बैगों से मिले 17 पैकेट गांजा; बिहार भेजने की थी तैयारी
जमशेदपुर, 14 नवंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 23 किलो 940 ग्राम गांजा बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार उर्फ संतोष लोधी और पूटलू भूमिज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गांजे की खेप बिहार भेजने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को गुप्त सूचना मिली थी कि NH-33 के रास्ते गांजे की एक बड़ी खेप बिहार भेजी जाने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
इसके बाद गठित पुलिस टीम ने NH-33 स्थित दादा गैरेज के समीप छापेमारी कर दोनों संदिग्धों को तीन बैग के साथ पकड़ा। बैगों की तलाशी लेने पर पुलिस को कुल 17 पैकेट गांजा बरामद हुए। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, संतोष कुमार के पास से 15 किलो 450 ग्राम गांजा, एक ओप्पो मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं, दूसरे आरोपी पूटलू भूमिज के पास से 8 किलो 497 ग्राम गांजा और 1,000 रुपये नकद मिले।
इस मामले में आजादनगर थाना कांड संख्या 89/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी के नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।