
बच्चों और अभिभावकों ने लगाए लजीज व्यंजनों के स्टॉल, खेल प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह; सफल प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत
कपाली, 14 नवंबर : बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को सरायकेला खरसावां के कपाली स्थित बचपन प्ले स्कूल और अलिफ इंटरनेशनल स्कूल की ओर से संयुक्त रूप से भव्य फूड फेस्टिवल का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। फेस्टिवल में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए, जहां बच्चों और अभिभावकों की रचनात्मकता के साथ पाककला का भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने अपने घरों से अलग-अलग तरह के पकवान एवं खाद्य सामग्री तैयार कर लाए थे। स्कूल प्रबंधन की ओर से इनके प्रदर्शन और बिक्री के लिए आकर्षक स्टॉल की व्यवस्था की गई थी। फूड फेस्टिवल के साथ-साथ प्रतिभागियों और बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के खेलों का भी आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि कपाली नगर परिषद के अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ चांद, नगर परिषद पार्षद इनामुल हक तथा मानगो नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर मुख्तार आलम खान ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करते हैं। फूड फेस्टिवल जैसे आयोजन बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और अपनी छिपी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं।
फेस्टिवल में स्कूल के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आमंत्रित अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल और मनोरंजक खेलों के बीच पूरे कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। विशेष अतिथियों ने भी आयोजन की खूब प्रशंसा की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल की प्रिंसिपल फरह नाज, फैजुल हक अंसारी, डायरेक्टर मातिनुल हक अंसारी, मोइनुद्दीन अंसारी, एजाजुल हक एवं एकरामुल हक सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।