चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित 15 दिवसीय योग शिविर का हुआ भव्य समापन

MANBHUM UPDATES
6 Min Read

चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित 15 दिवसीय योग शिविर का हुआ भव्य समापन

सरायकेला, 15 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा सरायकेला स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में आयोजित 15 दिवसीय योग, आयुर्वेद दर्शन एवं नशा मुक्ति शिविर का समापन समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। पिछले पंद्रह दिनों तक नियमित रूप से आयोजित हुए शिविर में व्यापारी, युवा एवं नगरवासी शामिल होकर योग, प्राणायाम, आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन समारोह में चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने शिविर के मुख्य योग प्रशिक्षक किशोर मिश्रा को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष सह चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव मनोज कुमार चौधरी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के जिला प्रतिनिधि नंदकिशोर झा, वीरेंद्र नाथ महतो एवं विश्वनाथ परिहारी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए योग, आयुर्वेद एवं भारतीय जीवन पद्धति के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

योग प्रशिक्षक किशोर मिश्रा ने शिविर के दौरान सिखाए गए विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का पुनरावलोकन कराया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत एवं जीवन अनुशासित बनता है। उन्होंने बताया कि आयुर्वेद केवल उपचार पद्धति नहीं, बल्कि संतुलित एवं प्राकृतिक जीवन जीने की वैज्ञानिक प्रणाली है। उन्होंने कहा कि आज बढ़ते तनाव, अनियमित खान-पान एवं नशे की प्रवृत्ति से बचने के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग एवं प्राणायाम को दे, तो अनेक शारीरिक एवं मानसिक बीमारियों से बचा जा सकता है।

मुख्य अतिथि मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार जीवित रहने के लिए भोजन आवश्यक है, उसी प्रकार स्वस्थ एवं निरोग रहने के लिए प्रतिदिन योग और प्राणायाम करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन एवं आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। आज उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, मानसिक तनाव एवं अवसाद जैसी समस्याएँ तेजी से बढ़ रही हैं। इन सभी से बचाव में नियमित योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहकर योग को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही सशक्त समाज एवं विकसित राष्ट्र की नींव हैं।

उन्होंने सरायकेला-खरसावां जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज को स्वस्थ एवं जागरूक बनाने के लिए ऐसे शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए।

चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि इस 15 दिवसीय शिविर को लोगों का अत्यंत सकारात्मक सहयोग एवं उत्साह मिला। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने प्रतिदिन उपस्थित होकर योग का अभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि चैंबर केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का भी निरंतर आयोजन करता रहेगा। उन्होंने योग प्रशिक्षक किशोर मिश्रा सहित सभी सहयोगियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

पतंजलि योगपीठ के नंदकिशोर झा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं विश्व को मिली अमूल्य धरोहर है। आज पूरा विश्व योग की शक्ति को स्वीकार कर चुका है, क्योंकि योग केवल रोगों के उपचार का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवन जीने की कला है।

उन्होंने कहा कि महर्षि पतंजलि द्वारा प्रदत्त योग दर्शन मानव जीवन को शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने का मार्ग दिखाता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कम से कम 30 से 45 मिनट योग एवं प्राणायाम करे तथा आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाए, तो अधिकांश जीवनशैली जनित रोगों से बचा जा सकता है।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा परिवार के प्रत्येक सदस्य को योग से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ परिवार, स्वस्थ परिवार से स्वस्थ समाज और स्वस्थ समाज से सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। उन्होंने चैंबर ऑफ कॉमर्स की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से गौर गोविंद साह, सत्यनारायण अग्रवाल, संजय अग्रवाल गुप्ता, केशव पड़िहारी, आकाश अग्रवाल, शंकर साहू सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, योग साधक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने, आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Share This Article