जगन्नाथपुर में कोल्हान दिवस की 192वीं वर्षगांठ भव्य रूप से मनाई गई

जगन्नाथपुर, 02 दिसंबर : कोल्हान दिवस की 192वीं वर्षगांठ मंगलवार को पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर में पारंपरिक उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ भव्य रूप से मनाई गई। कार्यक्रम के पूर्व एक साथ 101 नगाड़ा बजाकर रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में युवती व महिलाएं शामिल हुई। कार्यक्रम की शुरुआत कोल्हान की ऐतिहासिक विरासत और आदिवासी अस्मिता को नमन करते हुए की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और विभिन्न आदिवासी संगठन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कोल्हान की पहचान, संस्कृति, परंपराओं और मानकी-मुंडा स्वशासन व्यवस्था की ऐतिहासिक भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि कोल्हान सिर्फ एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि यहां के लोगों की आत्मा, भावना और गौरव का प्रतीक है। वक्ताओं ने अपने भाषण में बताया कि पूर्वजों की संघर्षगाथा, त्याग और बलिदान ने कोल्हान की आधारशिला मजबूत की है, जिसे आज भी संजोकर रखने की जरूरत है। आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों ने युवाओं से अपनी भाषा, लिपि और संस्कृति को संरक्षित रखने तथा शिक्षा, खेल, कला और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर कोल्हान को नई पहचान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को कोल्हान दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देकर इस ऐतिहासिक दिवस को यादगार बनाया।



