चांडिल, 16 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले में दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। गुरुवार शाम चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा–रांची नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में बोलेरो चालक घायल हो गया। घटना चिलगु के समीप की है, जहां चांडिल की ओर से जमशेदपुर तरफ जा रही तेज रफ्तार में एक बोलेरो अनियंत्रित होकर फोरलेन के डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो काफी तेज गति में थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो सड़क पर करीब चार बार गुलाटी मारते हुए दूसरी लेन में जा गिरी। हादसे में वाहन के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हालांकि, इस गंभीर दुर्घटना के बावजूद चालक की जान बच गई, जो किसी चमत्कार से कम नहीं है। बताया जा रहा है कि टक्कर के दौरान गाड़ी के दोनों एयरबैग (बैलून) खुल गए, जिससे चालक को गंभीर चोटों से बचाव मिला। फिर भी उसे चोटें आई हैं और उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना चांडिल पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी। वहीं, एम्बुलेंस की मदद से घायल चालक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा, पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त बोलेरो को सड़क से हटवाया, जिससे यातायात बहाल हो सका।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।