गुडाबाँधा में हाथी के हमले से युवक की मौत, शोकाकुल परिवार से मिले झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाडंगी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गुडाबाँधा में हाथी के हमले से युवक की मौत, शोकाकुल परिवार से मिले झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाडंगी

जमशेदपुर, 27 अगस्त : गुडाबाँधा प्रखंड के बालीजुड़ी गाँव में हाथी के हमले से हुई युवक की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान गाँव के उप-मुखिया सपन पाल के भाई सरोज पाल के रूप में हुई है। परसों देर रात हाथी ने हमला कर सरोज पाल की जान ले ली थी।

घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता व पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी मृतक के परिजनों से मिलने पहुँचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा दुःख की घड़ी में आम जनता के साथ खड़ा है और प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

कुणाल षाडंगी ने मौके पर जिला वन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक घाटशिला, बैंक ऑफ इंडिया ज्वालकाटा शाखा प्रबंधक एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि मृतक के परिवार को सरकारी एवं संस्थागत प्रावधानों के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

Share This Article