जमशेदपुर, 29 अप्रैल : मानगो क्षेत्र में NH पर चल रहे कालीमंदिर–डिमना चौक–बालीगुमा एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल से परेशान लोगों को राहत दिलाने के लिए मेयर सुधा गुप्ता ने सराहनीय पहल की है। उन्होंने निर्माण एजेंसी HG Infra Engg Limited को पत्र लिखकर धूल नियंत्रण को लेकर तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया है। मेयर ने अपने पत्र में स्पष्ट कहा है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके कारण आम नागरिकों को हो रही परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पिछले कुछ दिनों से स्थानीय लोगों, दुकानदारों, स्कूली बच्चों और राहगीरों द्वारा लगातार शिकायत मिल रही थी कि सड़क पर अत्यधिक धूल उड़ने से सांस लेने में दिक्कत, दृश्यता में कमी और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। जनस्वास्थ्य के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाते हुए मेयर सुधा गुप्ता ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया है कि पूरे कॉरिडोर क्षेत्र में प्रतिदिन कम-से-कम दो बार पानी का छिड़काव किया जाए। इसके साथ ही एक अतिरिक्त पानी टैंकर की व्यवस्था करने, पाइलिंग और ड्रिलिंग जैसे कार्यस्थलों पर नियमित जल छिड़काव सुनिश्चित करने तथा निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों को ढंककर चलाने का निर्देश दिया गया है। मेयर ने यह भी कहा है कि सड़क पर गिरे मलबे की नियमित सफाई कराई जाए और आम लोगों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए एक जिम्मेदार फील्ड मॉनिटरिंग टीम तैनात की जाए। मानगो की जनता ने मेयर की इस पहल की सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी है, लेकिन जनस्वास्थ्य और सुविधा की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। मेयर द्वारा समय रहते उठाया गया यह कदम आम लोगों के हित में काफी राहत पहुंचाने वाला साबित होगा।