JPSC – JSSC विवाद पर भाजपा का उग्र प्रदर्शन, ईचागढ़ विधानसभा के सभी प्रखंडों में निकला मशाल जुलूस
भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का लगाया आरोप
चांडिल, 31 जुलाई : भारतीय जनता पार्टी ने JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों में एक साथ मशाल जुलूस निकालकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग उठाई।
चांडिल चौक बाजार में आयोजित मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में मशाल लिए कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान हेमंत सोरेन इस्तीफा दो, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो, JPSC – JSSC परीक्षा रद्द करो, भ्रष्टाचार बंद करो और 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा रद्द करो जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि JPSC और JSSC जैसी महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं ने लाखों अभ्यर्थियों का भरोसा तोड़ा है। उनका आरोप था कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने में पूरी तरह विफल रही है।
पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए पद से इस्तीफा देने की भी मांग की गई।
प्रदर्शन में भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश महतो, दिवाकर सिंह, राहुल मंडल, महेश कर्मकार, चंदन वर्मा, प्रभात पोद्दार, खोगेन महतो, आकाश दास, चंदन सिंह, वृंदावन कुंभकार, सोमन मोदक, आनंद गौड़ सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।