छठ घाट हादसे पर बोले विधायक सरयू राय — किसी पर दोषारोपण उचित नहीं, “शहरबेड़ा घाट पर छठ आयोजन पर लगे प्रतिबंध”
चांडिल, 28 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वर्णरेखा नदी के शहरबेड़ा छठ घाट पर हुए दर्दनाक हादसे को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोमवार की शाम हुई इस घटना में तीन लोगों की मौत से पूरा क्षेत्र शोकाकुल है।
मंगलवार को विधायक सरयू राय स्वयं शहरबेड़ा छठ घाट पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें ढांढस बंधाया।
पत्रकारों से बात करते हुए श्री राय ने कहा कि जमशेदपुर, आदित्यपुर और चांडिल सहित अन्य सभी जगहों पर छठ पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन शहरबेड़ा घाट की यह घटना एक अपवाद स्वरूप दुर्घटना रही। इसे सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही कहना उचित नहीं होगा अथवा किसी पर दोषारोपण ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा, “कभी-कभी लोगों को अति आत्मविश्वास हो जाता है कि वे तैरना जानते हैं और किसी अनहोनी की संभावना नहीं होती। यही आत्मविश्वास कई बार हादसों की वजह बन जाता है।”
विधायक ने बताया कि स्वर्णरेखा नदी के इस घाट पर जल प्रवाह अत्यंत तेज रहता है, जिसके कारण हादसे की संभावना हमेशा बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन को सुझाव दिया कि शहरबेड़ा घाट पर छठ पूजा के आयोजन पर स्थायी प्रतिबंध लगाया जाए, क्योंकि इससे पूर्व भी यहां कई दुर्घटनाएं घट चुकी हैं।
विधायक सरयू राय ने आम लोगों से अपील की कि श्रद्धा और आस्था के साथ-साथ सुरक्षा को भी सर्वोपरि रखें, ताकि भविष्य में इस तरह की दुःखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।