अवैध खनिज परिवहन की रोकथाम के लिए अब पाटा टोल प्लाजा सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर होगी जांच

MANBHUM UPDATES
5 Min Read

अवैध खनिज परिवहन की रोकथाम के लिए अब पाटा टोल प्लाजा सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर होगी जांच

सरायकेला, 23 मई : टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर चांडिल थाना क्षेत्र के पाटा टोल प्लाजा सहित अन्य संवेदनशील जांच स्थलों पर अवैध खनिज परिवहन की रोकथाम हेतु नियमित औचक निरीक्षण चलाया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार सीसीटीवी फुटेज की जांच कर संबंधित वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित किया जाएगा।इस संबंध में निर्देश देते हुए जिला के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में किसी भी प्रकार की खनन गतिविधि बिना वैधानिक अनुमति के संचालित न हो तथा अवैध खनन एवं परिवहन पर पूर्णतः अंकुश लगाया जाए। जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण, राजस्व संरक्षण एवं बालू घाट संचालन में शीघ्रता सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को गहन मंथन किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बिंदुवार समीक्षा कर अवैध खनन पर सघन जांच, संयुक्त निरीक्षण एवं ईंट भट्टों के मानचित्रण (मैपिंग) कर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिए। बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में किसी भी प्रकार की खनन गतिविधि बिना वैधानिक अनुमति के संचालित न हो तथा अवैध खनन एवं परिवहन पर पूर्णतः अंकुश लगाया जाए। सभी अंचल अधिकारियों को खनन निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित जांच एवं संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही जिले के सभी ईंट भट्टों, क्रशर इकाइयों एवं संचालित खनिज भंडारण स्थलों (माइंस स्टॉकयार्ड) का समुचित मानचित्रण (मैपिंग) एवं भौतिक सत्यापन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग के पदाधिकारियों को जिले में संचालित ईंट भट्टों का नियमित औचक निरीक्षण करने, निर्धारित पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन की जांच करने तथा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों एवं अवैध माटी कटाई (मिट्टी उत्खनन) की प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं पर त्वरित जांच कर कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी ईंट भट्टों में प्रदूषण नियंत्रण संबंधी प्रावधानों, निर्धारित दूरी मानक, वैध अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) एवं स्वीकृत संचालन शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं राजस्व हितों को ध्यान में रखते हुए ईंट भट्टों से संबंधित अनियमितताओं पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा संबंधित विभाग संयुक्त रूप से जांच अभियान संचालित करें।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि क्षमता से अधिक भार (ओवरलोडिंग) कर बिना ढके बालू, डस्ट, पत्थर, ईंट एवं कोयले का परिवहन किया जाना न केवल प्रदूषण को बढ़ावा देता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी उत्पन्न करता है। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों एवं परिवहन विभाग को नियमित जांच अभियान चलाते हुए ऐसे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि क्षेत्र अंतर्गत अवस्थित बंद खदानों एवं बंद औद्योगिक इकाइयों का सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं खनन विभाग संयुक्त रूप से निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि वहां किसी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित न हो।

बैठक के क्रम में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी ने अवगत कराया कि 23 अप्रैल से 20 मई तक अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए कुल 14 वाहनों को जब्त किया गया, जिसमें 01 हाईवा, 12 ट्रैक्टर एवं 01 टाटा 407 वाहन शामिल हैं। कार्रवाई के क्रम में लगभग 8000 सीएफटी बालू खनिज जब्त किया गया। साथ ही अवैध खनन, परिवहन एवं खनिज भंडारण निवारण से संबंधित प्रावधानों के तहत नियमानुसार अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बैठक में अवगत कराया गया कि कई वाहन पश्चिम बंगाल के चालान के माध्यम से खनिजों का परिवहन कर रहे हैं। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं खनन निरीक्षक को सघन जांच करने तथा परिवहन की वैधता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जिससे किसी भी प्रकार की राजस्व हानि को रोका जा सके।

Share This Article