कपाली नगर परिषद में पर्यावरण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, वार्ड पार्षदों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
चांडिल, 05 : जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कपाली नगर परिषद परिसर में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद के अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ चांद भाई, उपाध्यक्ष मोहम्मद शबान उर्फ सिंटू, कार्यपालक पदाधिकारी गोपी किशन समेत सभी वार्ड पार्षद शामिल हुए।
इस अवसर पर नगर परिषद पदाधिकारियों ने वार्ड पार्षदों को स्वच्छता एवं वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की जानकारी देते हुए कहा कि घरेलू कचरे को उसके प्रकार के अनुसार अलग-अलग रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद द्वारा संचालित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सफल बनाने के लिए लोगों की सहभागिता जरूरी है। सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में जाकर नागरिकों को कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने और निर्धारित रंगों के अनुसार कचरा संग्रहण वाहन में कचरा डालने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी एवं वार्ड पार्षदों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।
नगर परिषद अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ चांद ने कहा कि स्वच्छ और हरित कपाली का निर्माण जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने सभी कपालीवासियों से कम से कम एक पौधा लगाने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद पूजा कुमारी महतो, रजिया मंजर, इनामुल हक, हिमांशु हेंब्रम तथा वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद फरीद और खगेन चंद्र महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।