विश्व पर्यावरण दिवस पर वृद्धाश्रम पहुंचे उपायुक्त, वृद्धजनों संग किया वृक्षारोपण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

विश्व पर्यावरण दिवस पर वृद्धाश्रम पहुंचे उपायुक्त, वृद्धजनों संग किया वृक्षारोपण

सरायकेला, 05 जून : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने साहिबगंज स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया और वहां निवासरत वरिष्ठ नागरिकों के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उप विकास आयुक्त रीना हांसदा एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर भी मौजूद रहीं।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वृद्धाश्रम में उपलब्ध आवासीय, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने वृद्धजनों से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य, दैनिक आवश्यकताओं तथा केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कूलर, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपायुक्त ने वृद्धाश्रम परिसर में वरिष्ठ नागरिकों द्वारा की जा रही फल एवं सब्जी की खेती का भी अवलोकन किया। आत्मनिर्भरता और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किए जा रहे इस प्रयास की उन्होंने सराहना की। साथ ही जिला कृषि पदाधिकारी को नियमित रूप से वृद्धाश्रम का भ्रमण कर मौसम के अनुरूप बीज, तकनीकी सहयोग एवं कृषि संबंधी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण और वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सामाजिक सरोकार का सकारात्मक संदेश दिया।

Share This Article