दीपावली और छठ पर्व को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक — शांति, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर

Manbhum Updates
3 Min Read

दीपावली और छठ पर्व को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक — शांति, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर


सरायकेला, 13 अक्टूबर : आगामी दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था एवं तैयारी से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला योजनाओं पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने कहा कि दीपावली एवं छठ जैसे प्रमुख पर्वों पर नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि पर्वों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने पटाखा विक्रेताओं के लिए सुरक्षित स्थल चिन्हित करने, आवश्यक अग्निशमन उपकरण, सुरक्षा दूरी एवं अन्य मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नगर निकायों और प्रखंड पदाधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव भेजने को कहा गया।

छठ पर्व को लेकर उपायुक्त ने कहा कि सभी घाटों की सफाई, घाट मार्गों की मरम्मत, नालों की सफाई और प्रकाश व्यवस्था समय पर पूरी कर ली जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी प्रमुख घाटों का पूर्व निरीक्षण करें और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी कहा कि जहां अधिक भीड़ होती है, वहां CCTV कैमरे, दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, पर्याप्त पुलिस बल, गोताखोर, अग्निशमन वाहन एवं आपदा प्रबंधन दल की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए।

बैठक के दौरान नगर परिषद, पेयजल एवं स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य, परिवहन, अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान सफाई, रोशनी, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सुविधा और आपदा प्रबंधन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अंत में उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन को सहयोग दें और दीपावली व छठ पर्व को शांति, आपसी सद्भाव और स्वच्छता के साथ मनाएं।

Share This Article