सरायकेला, 05 मई : सरायकेला खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या कांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून लगा फरसा, एक स्कूटी और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। खरसावां थाना के कांटाडीह निवासी सुखराम सरदार के लिखित आवेदन पर उनकी भाई बाया सरदार (41 वर्ष) की हत्या का आरोप उसकी पत्नी सुनीता सरदार एवं अन्य के खिलाफ दर्ज कराया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में संलिप्त सुनीता सरदार (मृतक की पत्नी), सौमा मुण्डा उर्फ लुबू मुण्डा (मृतक का साला), बीर सिंह मुण्डा उर्फ सुईदल मुण्डा तथा बिरा मुण्डा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार हत्या में प्रयुक्त खून से सना फरसा भी आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि खून लगा फरसा, स्कूटी (JH01GF1233, होंडा) तथा चार मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सौमा मुण्डा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें कुचाई थाना कांड (2019) के तहत आर्म्स एक्ट और यूएपीए से संबंधित गंभीर धाराएं शामिल हैं। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में सरायकेला अंचल पुलिस, खरसावां थाना, आमदा ओपी, तकनीकी शाखा, रिजर्व गार्ड सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।