दुर्गा पूजा विसर्जन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने पदाधिकारियों के साथ की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

दुर्गा पूजा विसर्जन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने पदाधिकारियों के साथ की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

सरायकेला, 02 अक्टूबर : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दुर्गा पूजा विसर्जन की तैयारियों को लेकर बैठक की। बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल उपस्थित रहे। बैठक में जिले में दशहरा पूजा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए संपूर्ण तैयारियों की समीक्षा की गई। इस क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।

उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी चिन्हित विसर्जन घाटों पर सुरक्षा एवं सुव्यवस्था की समुचित तैयारी करने। सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गोताखोरों एवं नाव की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक घाट का प्रतिदिन प्रातः भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया। विसर्जन जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के सांप्रदायिक अथवा भड़काऊ गीतों का प्रसारण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरने वाले जुलूसों तथा शुक्रवार को आयोजित जुलूसों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने, यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने तथा “ड्रंक एंड ड्राइव” की रोकथाम के लिए विशेष वाहन जांच अभियान चलाने किा निर्देश दिया गया।

रावण दहन का आयोजन होने वाले स्थानों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की उपलब्धता सुनिश्चित करने, खरकाई और सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर अपेक्षाकृत अधिक होने की सूचना पूजा समितियों को देने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले के कई पूजा पंडालों का विसर्जन 2, 3 एवं 4 अक्टूबर को निर्धारित है, अतः प्रत्येक दिवस सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण स्थिति में बनी रहें। पूजा पंडाल समितियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित किया जाए कि विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, थाना प्रभारी, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Share This Article