मतदाता सूची पुनरीक्षण की आयुक्त ने की सुपर चेकिंग, नो मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी वाले मामलों की जांच

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, दस्तावेजों के सत्यापन में पारदर्शिता और आवेदनों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

जमशेदपुर, 17 नवंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की पारदर्शिता और प्रगति सुनिश्चित करने के लिए कोल्हान आयुक्त सह रोल ऑब्जर्वर रवि रंजन कुमार विक्रम ने मंगलवार को जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सुपर चेकिंग की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न श्रेणियों के मतदाताओं से संबंधित आवेदनों और अभिलेखों की गहनता से जांच की।

निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने 49-जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के जेएच तारापोर एवं जाकिरनगर स्थित कबीरिया स्कूल मतदान केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने दोनों मतदान केंद्रों पर प्राप्त प्रपत्र-6 (Form-6) के आवेदनों की जांच करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान नो मैपिंग (No Mapping) और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी (Logical Discrepancy) की श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं के दस्तावेजों का भी सत्यापन किया।

इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से आवेदनों के निष्पादन, दस्तावेजों की उपलब्धता और सत्यापन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। साथ ही मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों की शुद्धता तथा निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के अनुपालन की भी समीक्षा की।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नो मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी से जुड़े मामलों में नियमानुसार दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी आवेदन के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक मामले की जांच आवश्यक अभिलेखों के आधार पर पूरी सावधानी से की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न होना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके।

Share This Article