11 हजार वोल्ट के झूलते तार ने ली 40 वर्षीय नर हाथी की जान, पोस्टमार्टम के बाद कोलकाता भेजा गया सैंपल

MANBHUM UPDATES
6 Min Read

चांडिल के गुंडा जंगल में हाथी की करंट से मौत, वन विभाग ने जब्त किए दोनों दांत – विस्थापित नेता राकेश रंजन महतो ने उठाये सवाल, वन एवं बिजली विभाग पर कार्रवाई की मांग

नीमडीह, 17 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत गुंडा गांव के डीटांड़ में बिजली के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक नर हाथी की दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार देर रात हुई इस घटना के बाद मंगलवार को वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पशु चिकित्सकों की मौजूदगी में मृत हाथी का पोस्टमार्टम कराया गया। जांच के लिए हाथी के शरीर से आवश्यक सैंपल भी एकत्र किए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए कोलकाता भेजा गया। प्रारंभिक जांच में हाथी की मौत बिजली का करंट लगने से होने की बात सामने आई है।

घटनास्थल पर डीएफओ सबा आलम अंसारी, चांडिल वन क्षेत्र के पदाधिकारी तथा नीमडीह स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों की टीम पहुंची थी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृत हाथी के दोनों दांत काटकर वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद हाथी के शव को गड्ढा खोदकर विधिवत दफना दिया गया।

झूलते हाईटेंशन तार पर उठे गंभीर सवाल

हाथी की मौत को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और स्थानीय नेताओं ने वन विभाग तथा बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। विस्थापित नेता राकेश रंजन महतो ने आरोप लगाया कि वन विभाग के कर्मी प्रतिदिन की तरह सोमवार रात भी हाथियों को ग्रामीण क्षेत्र से बाहर खदेड़ रहे थे। रामायगोड़ा की ड्राइव टीम के साथ ग्रामीण भी हाथियों को भगाने में जुटे थे। इसी दौरान करीब 40 वर्षीय नर हाथी 11 हजार वोल्ट के झूलते हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

राकेश रंजन महतो के अनुसार, हाथियों को खदेड़ने के दौरान वे अक्सर अपनी सूंड ऊपर उठाकर भागते हैं। सामान्यतः हाईटेंशन तार जमीन से 20 से 25 फीट की ऊंचाई पर होना चाहिए, लेकिन बिजली विभाग की लापरवाही के कारण संबंधित तार महज 11 से 12 फीट की ऊंचाई पर झूल रहा था। इसी नंगे तार के संपर्क में हाथी की सूंड आ गई और उसकी जान चली गई।

उन्होंने सवाल उठाया कि दलमा में हाथियों के संरक्षण के नाम पर सरकार हर साल करोड़ों रुपये खर्च करती है, इसके बावजूद हाथी दलमा में सुरक्षित क्यों नहीं हैं? वन विभाग हाथियों को उनके प्राकृतिक आवास में रोकने और सुरक्षित रखने में सफल क्यों नहीं हो पा रहा है? इस मामले में वन विभाग और बिजली विभाग दोनों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।”

डीएफओ बोले- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगी पूरी जानकारी

डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हाथी के गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पता चला कि हाथी की मौत बिजली के करंट से हुई है। घटनास्थल के ऊपर एक हैंगिंग वायर यानी लटकता हुआ विद्युत तार था, जिसकी चपेट में आने से हाथी की मृत्यु हुई। पशु चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत से संबंधित विस्तृत जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हाथियों के दलमा में नहीं रहने और दूसरे क्षेत्रों में विचरण करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हाथी किसी एक क्षेत्र या राज्य तक सीमित नहीं होते। उनका अपना माइग्रेशन रूट होता है। जहां उन्हें अनुकूल वातावरण और पर्याप्त भोजन मिलता है, वे वहां चले जाते हैं।

चिकित्सक ने भी करंट से मौत की पुष्टि की

पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. ईश्वर गोस्वामी ने बताया कि हाथी की मौत इलेक्ट्रिक शॉक लगने से हुई है। शरीर पर करंट लगने के निशान भी मिले हैं। उन्होंने बताया कि हाथी के लीवर और फेफड़ों सहित शरीर के विभिन्न आंतरिक अंगों में रक्त जमा हुआ पाया गया।

पांच वर्षों से इस इलाके में विचरण कर रहा था हाथी

स्थानीय ग्रामीण हरेकृष्ण सिंह सरदार ने बताया कि मृत हाथी पिछले करीब पांच वर्षों से इस इलाके में विचरण कर रहा था। वह लाकड़ी-बागड़ी होते हुए गुंडा जंगल पहुंचता था और वहां से प्याली तक जाकर वापस लौट जाता था। सोमवार रात करीब नौ बजे हाथी रुसुनिया की तरफ से आ रहा था। रात लगभग 10 बजे ग्रामीणों को उसकी करंट लगने से मौत होने की सूचना मिली।

धान की फसल बचाने की चिंता में ग्रामीण

हाथी की मौत के बाद आसपास के गांवों में दहशत और चिंता का माहौल है। हाथियों के हमले और विचरण की आशंका को देखते हुए ग्रामीण अब अपनी धान की फसल जल्द काटकर सुरक्षित घर ले जाने की तैयारी में जुट गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि फसल पकने के समय हाथियों का ग्रामीण इलाकों में प्रवेश बढ़ जाता है, जिससे जान-माल के साथ खेती को भी नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है।

सवाल सिर्फ एक हाथी की मौत का नहीं, बल्कि हाथियों के सुरक्षित आवागमन और बिजली के खतरनाक झूलते तारों का भी है। अब देखना होगा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद वन विभाग और बिजली विभाग इस मामले में जिम्मेदारी तय करने के लिए क्या कार्रवाई करते हैं।

Share This Article