चांडिल स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की संभावना बढ़ी, रेल मंत्री ने दिए जांच के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की संभावना बढ़ी, रेल मंत्री ने दिए जांच के निर्देश

चांडिल, 03 अक्टूबर : चांडिल स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही थी। इसी क्रम में DRUCC सदस्य दिवाकर सिंह ने हाल ही में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ से मुलाकात कर चांडिल से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों के ठहराव का आग्रह किया था।

श्री सिंह ने बताया कि इस मुद्दे को आद्रा रेल मंडल की DRUCC बैठक में भी प्रमुखता से उठाया गया था। मांग की गई ट्रेनों में 28182/81 कटिहार–टाटा एक्सप्रेस, 12875/76 नीलांचल एक्सप्रेस, 18103/04 जालियांवाला बाग एक्सप्रेस, 12376/75 जसीडीह–तांबरम एक्सप्रेस, 18009/10 संतरागाछी–अजमेर एक्सप्रेस, 22843/44 पटना–बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 20817/18 भुवनेश्वर–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (शनिवार को चक्रधरपुर से चांडिल होकर गुजरती है) शामिल हैं।

इसके साथ ही प्रस्तावित रांची–पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस और टाटा–वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की भी मांग रखी गई थी।

जनता से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे को देखते हुए केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर चांडिल में ट्रेनों के ठहराव की मांग पर ध्यान आकर्षित कराया। इसके बाद रेल मंत्री ने ट्रेनों के ठहराव की व्यवहार्यता (feasibility) की जांच का आदेश दिया है।

इस संदर्भ में DRUCC सदस्य दिवाकर सिंह ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि जनता से जुड़े हितों का सम्मान जरूर होगा। इसके लिए मैं ईचागढ़ वासियों और अपनी ओर से केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार प्रकट करता हूं।”

Share This Article