प्लाईवुड दुकान का ताला तोड़कर पांच लाख की चोरी, सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध
जमशेदपुर, 21 सितंबर : जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित मलिक प्लाईवुड एंड डेवलोपर्स प्राइवेट लिमिटेड में रविवार देर रात चोरों ने ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सामान और नकदी की चोरी कर ली। सोमवार सुबह दुकान पहुंचने पर संचालक सुमित मलिक को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
संचालक के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 1.20 बजे एक व्यक्ति दुकान के ऊपरी हिस्से में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। बताया गया कि उसने पहले ग्रिल का तार काटा और फिर शीशा तोड़कर कार्यालय में प्रवेश किया। कार्यालय के अंदर पहुंचने के बाद उसने फाइल रखने वाले अपार्टमेंट को काटकर कागजात से छेड़छाड़ की। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे को बंद करने और उसकी दिशा बदलने का प्रयास किया।
सुमित मलिक के अनुसार, चोरी गए सामान में एक लाख रुपये से अधिक नकद, एक लैपटॉप, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति तथा दीपावली के लिए जमा किए गए चांदी और एक ग्राम सोने के सिक्के शामिल हैं। इसके अलावा कुछ जरूरी फाइलें और दस्तावेज भी गायब हैं। प्रारंभिक तौर पर उन्होंने कुल नुकसान करीब पांच लाख रुपये बताया है।
सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्धों के दिखाई देने की बात सामने आई है। फुटेज के अनुसार, एक संदिग्ध हेलमेट पहनकर दुकान के अंदर दाखिल हुआ, जबकि दूसरा बाहर स्कूटी लेकर इंतजार करता रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों स्कूटी से फरार हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।



