कपाली के केन्दडीह में पाइप फटने से जलजमाव, रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद
चांडिल, 21 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिला के कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 स्थित केन्दडीह में पिछले करीब तीन दिनों से सप्लाई पानी का पाइप फटा हुआ है। पाइप फटने के कारण लगातार हजारों लीटर पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे सड़क पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।
सड़क पर पानी जमा होने के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, लगातार पानी बहने से लोगों में पानी की बर्बादी को लेकर भी नाराजगी है।
स्थानीय वार्ड पार्षद पूजा कुमारी महतो ने पाइप फटने की सूचना कपाली नगर परिषद के प्लंबर को दे दी है। इसके बावजूद करीब तीन दिनों बाद भी पाइप की मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर कई इलाकों में लोगों को नियमित पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ती है, वहीं दूसरी ओर पाइप फटने से बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। लोगों ने नगर परिषद से तत्काल फटे पाइप की मरम्मत कराने और सड़क पर जमा पानी की निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।



