लगातार बारिश ने छीनी सिर से छत, कच्चा मकान ढहने से दो परिवार बेघर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

लगातार बारिश ने छीनी सिर से छत, कच्चा मकान ढहने से दो परिवार बेघर

चाईबासा, 31 अगस्त : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत बालजोड़ी पंचायत के नुवागांव में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने दो परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण बबलू कालिंदी और बसंत कालिंदी के कच्चे मकान ढह गए। मकान गिरने से दोनों परिवार बेघर हो गए हैं और उनके सामने सिर छिपाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात दोनों परिवारों के सदस्य अपने-अपने कच्चे मकान में सो रहे थे। इसी दौरान लगातार तेज बारिश के कारण मकान का छप्पर और दीवारें धीरे-धीरे कमजोर होकर गिरने लगीं। खतरे को भांपते हुए परिवार के सदस्यों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके कुछ ही देर बाद मकान का एक बड़ा हिस्सा ढह गया।

मकान गिरने से घर में रखा अनाज, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। अचानक सिर से छत छिन जाने के बाद दोनों परिवारों के सामने रहने और भोजन की व्यवस्था को लेकर संकट उत्पन्न हो गया है।

घटना के बाद आसपास के लोगों और पड़ोसियों ने पीड़ित परिवारों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। फिलहाल दोनों परिवारों को पड़ोसियों के सहारे रहना पड़ रहा है।

पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। उन्होंने बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर राहत सामग्री, सुरक्षित आश्रय और आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की मांग की है। लगातार बारिश के बीच कच्चे मकान के ढहने की इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में कमजोर आवासों की स्थिति और आपदा के दौरान गरीब परिवारों की मुश्किलों को भी उजागर कर दिया है।

Share This Article