अन्नपूर्णा योजना की राशि मिलने पर महिलाओं ने जताया आभार, बाघमुंडी में निकली भव्य महा रैली
पुरुलिया, 31 अगस्त : अन्नपूर्णा योजना के तहत महिलाओं को मासिक तीन हजार रुपये का अनुदान मिलने पर पुरुलिया जिले के बाघमुंडी विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार जताया। इसी क्रम में मंडल-2 के नावाडीह क्षेत्र अंतर्गत कुशी-पापड़ा हुरुम बूथ की महिलाओं की पहल पर भव्य आभार एवं धन्यवाद महा रैली का आयोजन किया गया।
रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। महिलाओं ने अन्नपूर्णा योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। रैली के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति अपना समर्थन जताया।
कार्यक्रम में पुरुलिया लोकसभा सांसद एवं राज्य भाजपा के प्रमुख महामंत्री ज्योतिर्मय सिंह महतो मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके अलावा जिला भाजपा अध्यक्ष शंकर महतो और बागमुंडी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहिदास महतो सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
महिलाओं ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना के तहत मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता उनके परिवारों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इससे घरेलू जरूरतों को पूरा करने में उन्हें आर्थिक सहयोग मिल रहा है।
महा रैली के दौरान विकास, जनकल्याण और महिला सशक्तीकरण का संदेश प्रमुखता से सामने आया। आयोजकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और समृद्ध बंगाल के निर्माण का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का समापन जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने और विकास की दिशा में निरंतर कार्य करने के संदेश के साथ हुआ।



