साप्ताहिक जनता दरबार में सुनी गईं जनसमस्याएँ, त्वरित निष्पादन के लिए उपायुक्त के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

साप्ताहिक जनता दरबार में सुनी गईं जनसमस्याएँ, त्वरित निष्पादन के लिए उपायुक्त के निर्देश

सरायकेला, 12 मार्च : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों की सुनवाई की गई। इस दौरान उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनता दरबार में कई महत्वपूर्ण मामलों को उठाया गया। आदित्यपुर स्थित पीआगो (Piaggio) शोरूम और श्रीराम फाइनेंस के खिलाफ कथित रूप से धोखाधड़ी कर खराब ऑटो वाहन उपलब्ध कराने तथा वाहन एक्सचेंज की प्रक्रिया में राशि के गबन से जुड़ी शिकायत सामने आई। इसके अलावा सरायकेला अंचल के छोटा टांगरानी में भूमि सीमांकन के लंबित मामले के निष्पादन की मांग भी की गई।

इसी क्रम में वर्ष 1970–71 में बंदोबस्ती की गई भूमि से संबंधित लंबित मुआवजा राशि के भुगतान, आदित्यपुर नगर निगम में लंबित जन्म प्रमाण पत्र निर्गमन, लाल बिल्डिंग चौक आदित्यपुर में गुमटी हटाकर अवैध रूप से शराब का अड्डा संचालित किए जाने के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा हटाई गई गुमटी को पुनः स्थापित कराने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रेतर कार्रवाई के लिए हस्तांतरित करते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभुकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।

जनता दरबार के माध्यम से प्रशासन आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने और शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।

Share This Article