लगातार बारिश से चांडिल डैम का जलस्तर खतरनाक स्तर पर, जमशेदपुर तक बढ़ा खतरा

चांडिल, 23 अगस्त : झारखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को आज 11 रेडियल गेट खोलने पड़े। इनमें 5 गेट ढाई मीटर और 6 गेट डेढ़ मीटर तक खोले गए हैं।
शाम 6 बजे तक डैम का जलस्तर 181.22 मीटर दर्ज किया गया। गेट खुलने के बाद बड़ी मात्रा में पानी सुवर्णरेखा नदी में छोड़ा गया, जिससे नदी का बहाव और तेज हो गया है। इसके कारण निचले इलाकों और नदी तटवर्ती गांवों में खतरा बढ़ गया है।
ईचागढ़ सहित कई गांवों में जलाशय का पानी प्रवेश करने लगा है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विस्थापित परिवारों की स्थिति और दयनीय होती जा रही है। वहीं, सुवर्णरेखा का जलस्तर बढ़ने से पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर शहर के लिए भी बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। सड़कें जलमग्न हो गई हैं और कई क्षेत्रों में सामान्य गतिविधियां ठप हो गई हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।



