डॉ. रामदयाल मुंडा की 86वीं जयंती पर आजसू ने दी श्रद्धांजलि, सुदेश महतो बोले – झारखंड की आत्मा थे डॉ. मुंडा

रांची, 23 अगस्त : झारखंड आंदोलनकारी एवं पद्मश्री स्व. डॉ. रामदयाल मुंडा की 86वीं जयंती पर आजसू पार्टी ने उन्हें याद किया। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने मोराबादी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
सुदेश महतो ने कहा कि स्व. डॉ. रामदयाल मुंडा न केवल झारखंड की आत्मा थे, बल्कि उन्होंने आजसू के आंदोलन को बौद्धिक दिशा दी थी। उन्होंने झारखंडी संस्कृति को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई और आदिवासी समाज के गौरव को बढ़ाया। महतो ने कहा कि डॉ. मुंडा के विचार आज भी आजसू के लिए मार्गदर्शक हैं।
उन्होंने आगे कहा कि डॉ. मुंडा ने आजसू की स्थापना के साथ झारखंड आंदोलन को नई ऊर्जा दी थी। उनकी संघर्षशीलता और योगदान को सदैव याद किया जाएगा। झारखंड की जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं को आगे बढ़ाने और सरहुल पर्व को महोत्सव का स्वरूप देने में उनकी अहम भूमिका रही।
कार्यक्रम में आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, नजरुल हसन हाशमी, जिलाध्यक्ष संजय महतो, डॉ. पार्थ परितोष, छात्र संघ के ओम वर्मा, बबलू महतो, ऋतुराज शाहदेव, सचिन महतो, कुमुद वर्मा, सुलेंद लिंडा, प्रताप सिंह, दया शंकर झा, अजीत कुमार और सौरभ यादव समेत कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।



