काशीडीह में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम

ईचागढ़, 08 मार्च : ईचागढ़ प्रखंड के काशीडीह गांव में रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं और लोगों को विभिन्न कानूनी अधिकारों तथा महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पीएलवी कार्तिक गोप ने उपस्थित ग्रामीणों को बताया कि किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार का टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध होता है तो तुरंत 1930 नंबर पर डायल कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान डायन प्रथा जैसी कुप्रथाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया और अंधविश्वास से दूर रहने की अपील की गई। कार्यक्रम में गांव की कई महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे तथा सभी को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।



