15 मार्च को तांबो में होगा ‘कोल्हान ब्ह रुमुल’ सह सांस्कृतिक यात्रा का भव्य आयोजन

चाईबासा, 08 मार्च : कोल्हान क्षेत्र के आदिवासी हो समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, परंपराओं और प्रकृति-पूजा को संरक्षित व प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कोल्हान ब्ह रुमुल आयोजन समिति द्वारा आगामी 15 मार्च 2026 (रविवार) को खूंटकट्टी मैदान, तांबो (चाईबासा) में “कोल्हान ब्ह रुमुल” सह सांस्कृतिक यात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को खूंटकट्टी मैदान स्थित प्रकृति व्याख्या केंद्र में आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय सारील देवगम की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आयोजन को सफल और भव्य बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सचिव रेयांस सामड ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य हो समुदाय की पारंपरिक संस्कृति, लोकनृत्य, गीत-संगीत तथा बाहा पर्व की परंपराओं को पुनर्जीवित करना है।
कार्यक्रम में प्रकृति को समर्पित ब्ह पर्व के 10 प्रमुख ताड़ों गेना, गाड़ूवा, चंगुड़िया, दांवडिया, जापे, जादूर, केंमटा, सार, ले और राचा पर आधारित नृत्य व गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ सके और विलुप्त होती परंपराओं को संरक्षित किया जा सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत पारंपरिक नृत्य-गीत प्रतियोगिता, सांस्कृतिक यात्रा, सामूहिक नृत्य, लोक प्रदर्शन तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सांस्कृतिक यात्रा खूंटकट्टी मैदान से प्रारंभ होकर तांबो चौक, गौशाला चौक, टुंगरी पोस्ट ऑफिस चौक, सदर थाना, जैन मार्केट, कोर्ट परिसर और घंटाघर होते हुए पुनः आयोजन स्थल पर पहुंचेगी।
आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय सारील देवगम ने कोल्हान क्षेत्र के लोगों, हो समाज के बुद्धिजीवियों, सामाजिक अगुवाओं, युवाओं, कलाकारों, लेखकों और विभिन्न संगठनों से इस ऐतिहासिक सांस्कृतिक यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
बैठक में आयोजन समिति के संरक्षक बबलू बानरा, कार्यक्रम प्रबंधक साधु हो, सलाहकार प्रियतम प्रकाश पूरती, कोषाध्यक्ष सत्यजीत सुंडी, सन्नी संदीप देवगम, मधुसूदन बानरा, जगबंधु बानरा, गुरा सिंकू, सुभाष सिंकू, कंचनलता गगराई, बिंग विक्रम सिंह बोदरा, रवि बिरुली, रमेश जेराई, राहुल पूरती, पंकज बंकिरा, डॉ. बबलू सुंडी, आकाश हेंब्रम, इपिल जेराई, प्रधान तामसोय, बासिल हेंब्रम, प्रीतम सीताराम तैसुम, सुमित सिंकू, बेस बिरुली सहित कई लोग उपस्थित थे।



