साइबर ठगी का नया हथकंडा: सीडीपीओ बनकर कर रहा था जालसाज कॉल, बाल विकास योजनाओं के नाम पर लोगों को बना रहा था शिकार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

साइबर ठगी का नया हथकंडा: सीडीपीओ बनकर कर रहा था जालसाज कॉल, बाल विकास योजनाओं के नाम पर लोगों को बना रहा था शिकार

सरायकेला/आदित्यपुर, 29 जुलाई : गम्हरिया प्रखंड में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक जालसाज ने खुद को बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) बताकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर गुमराह करने की कोशिश की। आरोपी 7294928279 नंबर से कॉल कर लोगों को बच्चों के नाम पर योजना का लाभ दिलाने का लालच दे रहा था।

गम्हरिया सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी ने बताया कि जब उन्हें इस फर्जी कॉल के बारे में जानकारी मिली, तो उन्होंने स्वयं उस नंबर पर संपर्क किया। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को एक बार फिर सीडीपीओ बताया। लेकिन जब सीडीपीओ नंदिनी ने प्रश्न किया कि गम्हरिया किस जिले में है, तो आरोपी सकपकाकर तत्काल कॉल काट दिया।

सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी ने बताया कि ऐसे दो-चार मामले और भी सामने आए हैं, जहां आंगनबाड़ी सेविकाओं और अभिभावकों को निशाना बनाने की कोशिश की गई है। उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्राथमिक रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराने का निर्देश दिया है।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल से सावधान रहें। यदि कोई योजना सरकार की ओर से आती है, तो उसकी जानकारी सीधे आंगनबाड़ी सेविकाओं के माध्यम से दी जाएगी। अनजान नंबर से आई योजनाओं या पैसे मांगने वाली कॉलों पर विश्वास न करें और तुरंत स्थानीय थाना या साइबर सेल में शिकायत दर्ज करें।

सावधान रहें, सतर्क रहें – साइबर अपराधियों से खुद को और अपने परिवार को बचाएं।

Share This Article