नीमडीह में पांच अवैध शराब भट्टियों पर छापेमारी

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

नीमडीह में पांच अवैध शराब भट्टियों पर छापेमारी

1700 किलो जावा महुआ नष्ट, 100 लीटर चुलाई शराब जब्त

नीमडीह, 16 दिसंबर : सरायकेला–खरसावां जिला प्रशासन द्वारा अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार एवं उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी के निर्देशन में मंगलवार को नीमडीह थाना क्षेत्र के बाडेदा, डुमरहीह एवं सामानपुर गांवों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान कुल पांच अवैध शराब अड्डों का उद्भेदन किया गया। कार्रवाई के क्रम में मौके से लगभग 1700 किलोग्राम जावा महुआ को विधिवत रूप से नष्ट किया गया, जबकि 100 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।

इस मामले में संबंधित अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी के समय आरोपी फरार पाए गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति के तहत अभियान निरंतर जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई है।

Share This Article