धूमधाम से मनाया जाएगा जयदा टुसू मेला, अनुमंडल मुख्यालय में हुई बैठक में लिया गया कई निर्णय

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

धूमधाम से मनाया जाएगा जयदा टुसू मेला, अनुमंडल मुख्यालय में हुई बैठक में लिया गया कई निर्णय

चांडिल, 08 जनवरी : मकर संक्रांति के अवसर पर चांडिल प्रखंड के जयदा में लगने वाले ऐतिहासिक टुसू मेला को लेकर गुरुवार को अनुमंडल मुख्यालय में शांति समिति की बैठक हुई। अनुमंडल सभागार में हुई बैठक में मेले के सफल आयोजन को लेकर कई निर्णय लिए गए। बैठक में मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और मेला कमेटी के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से जोर दिया गया। मेले में संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का निर्णय लिया गया, ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सके। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वाहनों की पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा वैकल्पिक मार्गों के निर्धारण पर विचार-विमर्श किया गया, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा एवं प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं मेला परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष सफाई टीमों की तैनाती तथा अस्थायी शौचालय निर्माण के लिए पेयजल विभाग को आवश्यक निर्देश दिया गया।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि मेला के दौरान किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ की बिक्री या सेवन किए पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शांति समिति के सदस्यों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए मेले को सफल बनाने का आश्वासन दिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जयदा टुसू मेले के दौरान किसी भी प्रकार की संभावित अशांति को रोकना और यह सुनिश्चित करना है कि मेला आम लोगों के लिए सुरक्षित एवं आनंदमय बने। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जयदा स्थित ऐतिहासिक बूढ़ा बाबा शिव मंदिर के महंत केशवानंद सरस्वती, चांडिल एवं चौका थाना प्रभारी, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग, पेयजल विभाग के पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, मुखिया, ग्राम प्रधान एवं शांति समिति के सदस्य एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।

Share This Article