शिवा नर्सिंग होम पर इलाज में लापरवाही का आरोप, फ्रैक्चर मरीज को घंटों कराया इंतजार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

शिवा नर्सिंग होम पर इलाज में लापरवाही का आरोप, फ्रैक्चर मरीज को घंटों कराया इंतजार

आदित्यपुर, 02 जुलाई : आदित्यपुर स्थित शिवा नर्सिंग होम एक बार फिर इलाज में कथित लापरवाही के आरोपों को लेकर चर्चा में है। इस बार ईचागढ़ निवासी पंचानंद कुमार माझी एवं उनके परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर समय पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार, पंचानंद कुमार माझी का बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया था। बेहतर इलाज की उम्मीद में वे सुबह करीब 10 बजे शिवा नर्सिंग होम पहुंचे। उनका आरोप है कि हड्डी रोग विशेषज्ञ के बारे में पूछने पर अस्पताल कर्मियों ने बार-बार यह कहकर इंतजार कराया कि डॉक्टर “एक-दो घंटे में पहुंच रहे हैं”। इसी आश्वासन के बीच सुबह से शाम हो गई, लेकिन मरीज का इलाज शुरू नहीं हो सका।

परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने अपनी परेशानी स्थानीय पत्रकार को बताई, तब अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीज को अंदर बुलाकर इलाज की प्रक्रिया शुरू की गई।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचानंद कुमार माझी अकेले ऐसे मरीज नहीं हैं। अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे कई अन्य मरीजों को भी घंटों इंतजार करना पड़ता है। उनका आरोप है कि अस्पताल में पहले मरीजों का पंजीकरण करा लिया जाता है, लेकिन चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के बावजूद उन्हें लंबे समय तक बैठाए रखा जाता है, जिससे वे दूसरी जगह इलाज कराने भी नहीं जा पाते।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवा नर्सिंग होम पर इससे पहले भी इलाज में लापरवाही के आरोप लगते रहे हैं। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायतें सामने आने के बावजूद अस्पताल की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। मरीजों एवं परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

पक्ष जानना शेष – इस संबंध में शिवा नर्सिंग होम प्रबंधन का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Share This Article