ईचागढ़ और चौका में अवैध बालू भंडारण पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 48 हजार घनफीट से अधिक बालू जब्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

ईचागढ़ और चौका में अवैध बालू भंडारण पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 48 हजार घनफीट से अधिक बालू जब्त

सरायकेला, 02 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ गुरुवार को ईचागढ़ एवं चौका थाना क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में ईचागढ़ थाना पुलिस के साथ सोड़ो, जारागोडीह और वीरडीह बालू घाटों का औचक निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान विभिन्न जीआर (GR) स्थलों पर अवैध रूप से भंडारित करीब 38,100 घनफीट बालू जब्त किया गया। इसके बाद टीम ने चौका थाना क्षेत्र के चांदुडीह में भी छापेमारी की, जहां विभिन्न जीआर स्थलों से करीब 10,200 घनफीट अवैध बालू जब्त किया गया। इस तरह अभियान में कुल 48,300 घनफीट अवैध बालू जब्त की गई।

अभियान के दौरान चौका-पातकुम सड़क पर वाहन संख्या JH05CA6325 को बिना वैध परिवहन चालान के पत्थर खनिज का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जिला प्रशासन ने वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चौका थाना को सुपुर्द कर दिया।

जिला खनन विभाग ने बताया कि जब्त किए गए अवैध बालू भंडारण के संबंध में नियमानुसार ई-ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन का जांच एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share This Article