पुरुलिया में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 1,400 एमएल कोडीन कफ सिरप जब्त – एक गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

स्थानीय युवाओं को अवैध रूप से बेचने के लिए ले जा रहा था प्रतिबंधित कफ सिरप, गुप्त सूचना पर बलरामपुर पुलिस ने की कार्रवाई

पुरुलिया, 07 नवंबर : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में झारखंड से सटे बलरामपुर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 1,400 मिलीलीटर कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बलरामपुर थाना क्षेत्र के चुटकीडीह बड़ोबांध के समीप पुलिस ने छापेमारी कर राजेश सिंह (31), निवासी पारकीडीह को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से ONIREXX ब्रांड के कोडीन युक्त कफ सिरप की 14 बोतलें बरामद की गईं, जिनकी कुल मात्रा 1,400 मिलीलीटर बताई गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर उक्त कफ सिरप को स्थानीय युवाओं के बीच अवैध रूप से बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था। पुलिस ने बरामद सिरप को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में बलरामपुर थाना में 06 नवंबर को एफआईआर दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ NDPS अधिनियम, 1985 की धारा 21(c) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुरुलिया पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article