जनता के विश्वास और सहयोग को बताया सम्मान का आधार, कहा- जिम्मेदारी के साथ जारी रहेगा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष
जमशेदपुर, 11 सितंबर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को 18वीं लोकसभा के बजट सत्र में उत्कृष्ट संसदीय प्रदर्शन के लिए लगातार पांचवीं बार प्रतिष्ठित सांसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सांसद महतो को यह सम्मान प्रदान किया।
सांसद विद्युत वरण महतो ने लोकसभा में अपने संसदीय क्षेत्र जमशेदपुर से जुड़े जनहित के मुद्दों को लगातार प्रमुखता से उठाया है। वर्ष 2014 में पहली बार लोकसभा पहुंचने के बाद से उन्होंने विस्थापन, सुवर्णरेखा परियोजना, रेलवे, सड़क एवं हाईवे, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट, औद्योगिक विकास तथा बंद खदानों को फिर से खोलने सहित क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को संसद में उठाया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सांसद महतो ने जमशेदपुर की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह पुरस्कार जनता के सहयोग, विश्वास और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए भी आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सांसद रत्न पुरस्कार उनके लिए केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि जनता के प्रति और अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा है। इस सम्मान से उनका उत्साह बढ़ा है और वे भविष्य में भी जमशेदपुर की जनता की समस्याओं तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाते रहेंगे।
गौरतलब है कि विद्युत वरण महतो को वर्ष 2024 में भी विशेष सांसद महारत्न सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।



