जमशेदपुर में रची-बसी प्रेम कहानी: सोशल मीडिया पर छा रही अजिताभ बोस निर्देशित मिनी लव सीरीज़ ‘जमशेदपुर इश्क़ और तुम’

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

जमशेदपुर में रची-बसी प्रेम कहानी: सोशल मीडिया पर छा रही अजिताभ बोस निर्देशित मिनी लव सीरीज़ ‘जमशेदपुर इश्क़ और तुम’

जमशेदपुर, 21 जनवरी : शहर की गलियों, बीते लम्हों और पहले प्यार की मासूम भावनाओं को खूबसूरती से समेटे मिनी लव सीरीज़ ‘जमशेदपुर इश्क़ और तुम’ इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में है। सादगी और गहराई से भरी यह भावनात्मक वेब सीरीज़ मशहूर लेखक-प्रकाशक अजिताभ बोस के चर्चित उपन्यास ‘ये बारिश इश्क़ और तुम’ पर आधारित है, जिसका निर्देशन भी उन्होंने स्वयं किया है।

पहले प्यार की कोमल अनुभूतियों के साथ-साथ जमशेदपुर के प्रति गहरे लगाव को दर्शाती यह सीरीज़ स्थानीय पृष्ठभूमि में फिल्माई गई है, जो दर्शकों को भावनात्मक रूप से शहर से जोड़ देती है। जमशेदपुर की सड़कों, माहौल और यादों को कैमरे में इस तरह पिरोया गया है कि हर दृश्य शहर की खुशबू महसूस कराता है।

सीरीज़ में नीरू शॉ और रितिक मज़ुमदार मुख्य भूमिकाओं में नज़र आ रहे हैं, जिनकी सहज अदाकारी कहानी को और प्रभावशाली बनाती है। कैमरा वर्क शुभम सुरवे और हरिवंश प्रसाद ने संभाला है, जबकि मनमोहक ड्रोन शॉट्स विश्वजीत कुमार और तुषार सागर ने फिल्माए हैं, जो जमशेदपुर को एक नए नजरिये से पेश करते हैं।

सीरीज़ का भावपूर्ण नैरेशन रवि सोलंकी ने लिखा है और अपनी आवाज़ भी दी है। एडिटिंग नवनीत की है, वहीं संगीत मंजोत सिंह खालसा का है, जो कहानी की भावनाओं को और गहराई देता है। इस वेब सीरीज़ का निर्माण मीना बोस और निहारिका मिश्रा ने किया है।

कुल छह एपिसोड की इस सीरीज़ की शूटिंग पूरी तरह जमशेदपुर में की गई है। अब तक इसके तीन एपिसोड रिलीज़ हो चुके हैं, जिन्हें सोशल मीडिया पर मिलियन से अधिक व्यूज़ मिल चुके हैं। खास बात यह है कि देशभर के दर्शकों के साथ-साथ जमशेदपुर के लोगों ने भी इस सीरीज़ को दिल खोलकर अपनाया है।

‘जमशेदपुर इश्क़ और तुम’ अजिताभ बोस के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर उपलब्ध है, जहाँ दर्शक इस अनकही प्रेम कहानी को देख और महसूस कर सकते हैं।

गौरतलब है कि अजिताभ बोस अंग्रेज़ी के प्रसिद्ध लेखक, प्रकाशक, उद्यमी, डिज़ाइनर और फिल्म मेकर हैं। भारत में पॉकेट बुक को लोकप्रिय बनाने में उनका अहम योगदान रहा है। वे अपना पब्लिकेशन हाउस भी संचालित करते हैं, जिसके माध्यम से नवोदित लेखकों को मंच और सहयोग प्रदान करते हैं। हालांकि उन्होंने हिन्दी में भी एक पुस्तक लिखी है, जिस पर यह सीरीज़ आधारित है।

दिल्ली में रहने के बावजूद अजिताभ बोस का दिल जमशेदपुर में ही बसता है। उनकी लगभग हर रचना में कहीं न कहीं जमशेदपुर की झलक मिलती है। बकौल अजिताभ बोस—

“जमशेदपुर मेरा शहर, मेरा घर है। यहां के लोग मेरा परिवार हैं। जमशेदपुर मेरा सब कुछ है।”

यही आत्मीय जुड़ाव ‘जमशेदपुर इश्क़ और तुम’ को सिर्फ एक वेब सीरीज़ नहीं, बल्कि जमशेदपुर से प्रेम करने वालों की भावनात्मक कहानी बना देता है।

Share This Article