NIMDIH : क्या दलालों के माध्यम से ग्रामीणों की जमीन खरीद रही है एसएम स्टील? महिला रैयत ने लगाया गंभीर आरोप, प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

NIMDIH : क्या दलालों के माध्यम से ग्रामीणों की जमीन खरीद रही है एसएम स्टील? महिला रैयत ने लगाया गंभीर आरोप, प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

नीमडीह, 20 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह अंचल में प्रस्तावित एसएम स्टील प्लांट को लेकर जमीन खरीद का मामला एक बार फिर विवादों में आ गया है। इस बार एक महिला रैयत ने आरोप लगाया है कि कथित तौर पर कंपनी से जुड़े होने का दावा करने वाला एक दलाल उन्हें लगातार जमीन बेचने के लिए दबाव बना रहा है तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है।

महिला का आरोप है कि उसकी लगभग साढ़े तीन बीघा कृषि भूमि के चारों ओर गड्ढे खोद दिए गए हैं, जिससे उसकी जमीन तक पहुंच बाधित हो गई है। इसके कारण वह खेती-बाड़ी भी नहीं कर पा रही है। उनका कहना है कि कथित दलाल स्वयं को एसएम स्टील कंपनी से जुड़ा व्यक्ति बताकर जमीन का मोलभाव कर रहा है और विभिन्न तरीकों से उन पर भूमि बेचने का दबाव बना रहा है।

पीड़ित महिला ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि नीमडीह क्षेत्र में प्रस्तावित एसएम स्टील प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण और खरीद को लेकर पहले भी कई बार विवाद सामने आ चुके हैं।

हालांकि, इस मामले में एसएम स्टील कंपनी का अब तक कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। कंपनी का बयान प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया जाएगा।

Share This Article