पुलिस अधीक्षक ने किया तीन थानों का औचक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन पर दिए कड़े निर्देश

सरायकेला, 07 अगस्त 2025: सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत द्वारा आज आदित्यपुर, आरआईटी तथा गम्हरिया थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थानों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड संधारण, लंबित मामलों की स्थिति तथा विधि-व्यवस्था को लेकर गहन समीक्षा की गई।
इस दौरान एसपी ने उपस्थित पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी गश्ती और खुफिया तंत्र को और मजबूत किया जाए। साथ ही, अनुसंधान कार्य को गुणवत्ता पूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न करने की सख्त हिदायत दी।

पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों, वारंट, इश्तेहार और कुर्की जैसे मामलों के निष्पादन में तेजी लाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि न्यायालय से जारी आदेशों का समय पर पालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के क्रम में थानों की साफ-सफाई, कर्मियों की उपस्थिति, हथियारों की देखरेख, सीसीटीएनएस अपडेट, महिला हेल्प डेस्क तथा शिकायत निवारण तंत्र की भी समीक्षा की गई। एसपी ने थानाध्यक्षों से कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए अनुशासित और संवेदनशील पुलिसिंग आवश्यक है।

पुलिस अधीक्षक ने थानों को अपने-अपने क्षेत्र में अपराध एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने और विधि-व्यवस्था संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।



