बिष्टुपुर पुलिस ने बड़ी घटना की साजिश नाकाम की, लोडेड पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार
जमशेदपुर, 06 जून : बिष्टुपुर थाना पुलिस ने शनिवार तड़के एक बड़ी आपराधिक घटना की आशंका को समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक युवक को लोडेड देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह लोगों में दहशत फैलाने और उन्हें डराने-धमकाने के उद्देश्य से हथियार लेकर घूम रहा था।
पुलिस को सुबह करीब 5:30 बजे सूचना मिली थी कि बेलीबोधन घाट, बिष्टुपुर के आसपास एक युवक हथियार के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के मार्गदर्शन में बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल जब बेलीबोधन घाट पहुंचा तो एक युवक पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान निहाल कुमार गुप्ता (19 वर्ष), पिता दिनानाथ गुप्ता, निवासी आदित्यपुर-2, रोड नंबर-10, महावीर नगर, थाना आरआईटी, जिला सरायकेला-खरसावां के रूप में बताई।
पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसमें एक जिंदा गोली लोड थी। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शहर में अपनी दहशत कायम करने तथा लोगों को डराने-धमकाने के लिए हथियार अपने पास रखे हुए था।
इस मामले में बिष्टुपुर थाना में कांड संख्या 69/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)ए एवं 26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी का किसी आपराधिक गिरोह या अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंध है या नहीं।
छापामारी दल में थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे, रामजीत सिंह, पिंकु कुमार, कुमार इन्द्रेश, गौरव कुमार मिश्रा, सोनु कुमार (अनुसंधानकर्ता), भीम कुमार तथा विजय शंकर सिंह यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में अवैध हथियार रखने वालों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।