तीन वोटों ने बदली तस्वीर: कपाली वार्ड 16 में ‘साइलेंट कैंपेन’ की बड़ी जीत

चांडिल, 28 फ़रवरी : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद के वार्ड संख्या 16 का परिणाम इस बार सिर्फ एक चुनावी नतीजा नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बारीकियों का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। यहां पूजा कुमारी महतो ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी आजमेरी खातून को महज 3 वोटों से पराजित कर जीत का परचम लहराया।
मतगणना के अंतिम दौर तक कांटे की टक्कर रही। पूजा कुमारी महतो को कुल 159 मत मिले, जबकि आजमेरी खातून को 156 मतों पर संतोष करना पड़ा। इस बेहद मामूली अंतर ने वार्ड में हर वोट की अहमियत को फिर साबित कर दिया।
‘शिक्षिका से जनप्रतिनिधि’ तक का सफर
पूजा कुमारी महतो का राजनीतिक सफर अपेक्षाकृत नया जरूर है, लेकिन सामाजिक पहचान मजबूत रही है। वे कपाली के एक प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शिक्षिका रह चुकी हैं। शिक्षा जगत से जुड़ाव और समाज में सक्रिय भूमिका ने उन्हें वार्डवासियों के बीच विश्वसनीय चेहरा बनाया। इसके साथ ही वे एक पत्रकार की धर्मपत्नी भी हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और जनसमस्याओं की समझ को लेकर लोगों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
मुद्दों पर केंद्रित रही रणनीति
जानकारों की मानें तो पूजा ने शोर-शराबे से दूर रहकर घर-घर संपर्क और छोटे समूहों में संवाद की रणनीति अपनाई। स्वच्छता, जल निकासी, सड़क मरम्मत और पारदर्शी कार्यप्रणाली उनके प्रमुख मुद्दे रहे। यही कारण रहा कि अंतिम क्षणों तक चले कड़े मुकाबले में उन्हें निर्णायक बढ़त मिल सकी।
वार्ड 16 का यह परिणाम स्थानीय राजनीति के लिए एक बड़ा संदेश है—चुनाव में कोई भी वोट छोटा नहीं होता। तीन वोटों का यह अंतर आने वाले समय में प्रत्याशियों और मतदाताओं दोनों के लिए सीख बनेगा।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पूजा कुमारी महतो अपने वादों को जमीन पर किस तेजी और पारदर्शिता से उतारती हैं। फिलहाल पुरे जिले में उनकी ऐतिहासिक जीत चर्चा का केंद्र बनी हुई है।



