स्कूटी सवार को बचाने में सब्जी लदा बोलेरो पिकअप पलटा, बड़ा हादसा टला
चांडिल, 05 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल थाना अंतर्गत कांदरबेड़ा स्थित पंडित रघुनाथ मुर्मू चौक के पास शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। रांची की ओर से जमशेदपुर की दिशा में जा रही सब्जी लदी बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चौक पर अचानक एक स्कूटी सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में पिकअप चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी पलट गई। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की तत्परता से चालक और खलासी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि पंडित रघुनाथ मुर्मू चौक पर अक्सर वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं। लापरवाह ड्राइविंग के कारण यहां दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चौक पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए और नियमित रूप से पुलिस की तैनाती एवं बेरिकेड्स लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।