NCORD की बैठक में उपायुक्त ने पुलिस और उत्पाद विभाग को समन्वय से कार्रवाई का दिया निर्देश, सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
जमशेदपुर, 22 अगस्त : जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, तस्करी, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक हुई। बैठक में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और नशा मुक्ति को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जिले में चिन्हित 10 हॉटस्पॉट पर विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने इन स्थानों पर लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावी एवं दण्डात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस और उत्पाद विभाग को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने तथा नशे से जुड़े मामलों में सूचना तंत्र को और मजबूत करने को कहा।
उपायुक्त ने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं और विद्यार्थियों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यालयों और महाविद्यालयों में नियमित रूप से नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही नशा मुक्ति एवं पुनर्वास से जुड़ी सेवाओं को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में त्वरित अनुसंधान करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
सूचना दें, पहचान रहेगी गोपनीय
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि जिले में ड्रग्स के अवैध कारोबार, सेवन, भंडारण या परिवहन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम 0657-2431028 पर सूचना दी जा सकती है। प्रशासन के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, रेल एसपी, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।





