रटने के बजाय समझ पर आधारित शिक्षण” विषय पर दयानंद पब्लिक स्कूल में कार्यशाला आयोजित
जमशेदपुर, 25 जुलाई : दयानंद पब्लिक स्कूल में शिक्षकों के लिए “रटने के बजाय समझ पर आधारित शिक्षण” विषय पर व्यावसायिक विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वक्ता सह शिक्षा समिति के आमंत्रित सदस्य प्रमोद दुबे, विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्चना रेहाल तथा समन्वयकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला में शिक्षकों को विद्यार्थियों में अवधारणात्मक समझ विकसित करने, आलोचनात्मक सोच, जिज्ञासा तथा समस्या-समाधान कौशल को बढ़ावा देने के प्रभावी तरीकों से अवगत कराया गया। संवादात्मक चर्चाओं, व्यावहारिक उदाहरणों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ऐसे शिक्षण तरीकों पर जोर दिया गया, जिससे विद्यार्थी केवल परीक्षा के लिए रटने के बजाय विषय को गहराई से समझ सकें और वास्तविक जीवन में उसका उपयोग कर सकें।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान शिक्षकों को कक्षा शिक्षण को अधिक रोचक, रचनात्मक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की पहल का उद्देश्य 21वीं सदी की चुनौतियों के अनुरूप विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन हुआ। शिक्षकों ने इस ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी प्रशिक्षण के लिए विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।