बागुनहातू में विश्व आदिवासी दिवस की तैयारी शुरू, 3 अगस्त को होगा रक्तदान शिविर

समाज भवन परिसर में हुई बैठक, शिविर को सफल बनाने का लिया संकल्प
जमशेदपुर, 06 जुलाई : आगामी विश्व आदिवासी दिवस (9 अगस्त) को लेकर बागुनहातू स्थित हो समाज भवन प्रांगण में शनिवार को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शिवचरण बारी ने की। इस दौरान 9 अगस्त से पूर्व विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी 3 अगस्त 2025 (रविवार) को हो समाज भवन, बागुनहातू परिसर में पाँचवाँ रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
इस मौके पर समाजसेवी रवि सवैया ने रक्तदान को मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है, यह किसी की जान बचा सकता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर इसमें भाग लेना चाहिए।”
वहीं, शिवचरण बारी ने कहा कि रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए स्थानीय युवाओं, समाज के विभिन्न वर्गों एवं जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि यह शिविर सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक जागरूकता का प्रतीक है।
बैठक में प्रमुख रूप से राजा तुबिद, डिस्टीक बिरूली, विक्रम हेम्ब्रम, संजय बोदरा, सरस्वती सवैया, सबनम देवगम, नायक बानरा, राजू गुईया, पंकज सुंडी सहित कई समाजसेवी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समाज के लोगों ने उम्मीद जताई कि इस बार का रक्तदान शिविर पूर्व वर्षों से अधिक सफल और प्रभावशाली होगा।



