हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद सरायकेला-खरसावां पुलिस हाई अलर्ट पर, चांडिल में व्यापक एंटी-क्राइम जांच अभियान
चांडिल, 04 जुलाई : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार एंड रेस्टोरेंट के बाहर हुई चाकूबाजी की घटना तथा आदित्यपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद झारखंड पुलिस हाई अलर्ट मोड में आ गई है। अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पूरे कोल्हान क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, गत बुधवार रात जमशेदपुर पुलिस मुख्यालय पर एडीजी मनोज कौशिक एवं कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई थी। बैठक में जमशेदपुर के नवनियुक्त वरीय पुलिस अधीक्षक एहतेशाम बकारिफ तथा सरायकेला-खरसावां के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए। बैठक में सभी थाना प्रभारियों को हाई अलर्ट पर रहने और अपराधियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में सरायकेला-खरसावां जिले की चांडिल थाना पुलिस पिछले दो दिनों से लगातार एंटी-क्राइम जांच अभियान चला रही है। अभियान के तहत होटल, ढाबों तथा ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां असामाजिक तत्वों के जुटने की आशंका रहती है।
शनिवार को चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा चौक पर पुलिस ने मोटरसाइकिल सहित अन्य वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान वाहन चालकों के बैग, डिक्की तथा अन्य सामान की जांच की गई और संदिग्ध व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ भी की गई।
चांडिल पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान हेलमेट जांच के लिए नहीं, बल्कि एंटी-क्राइम अभियान का हिस्सा है। पुलिस का उद्देश्य संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर अपराधों की रोकथाम करना है। हालांकि, सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील भी की गई।