चांडिल : रेलवे ट्रैक के पास पशु न चराएँ – आरपीएफ व रेलवे अधिकारियों ने चलाया जागरूकता अभियान

चांडिल, 27 अगस्त : आरपीएफ पोस्ट चांडिल तथा जेई/पी.वे/चांडिल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मुखिया बीरेंद्र सिंह सरदार की उपस्थिति में उगडीह और चिंगड़ीडीह गाँव में संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि वे अपने पशुओं को रेलवे पटरियों के आसपास न चराएँ और न ही उन्हें खुले में आवारा पशुओं की तरह छोड़ें। रेलवे लाइन के समीप पशुओं की मौजूदगी से न केवल मवेशियों के कुचलने का खतरा बढ़ता है, बल्कि किसी भी समय गंभीर रेलवे दुर्घटना भी घट सकती है। इससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है और यात्रियों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि पशुओं को हमेशा बांधकर रखें तथा उन्हें रेलवे ट्रैक के पास घूमने से रोकें। अभियान के दौरान मौजूद अधिकारियों ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए यह भी अपील की कि वे रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को दें।

मुखिया बीरेंद्र सिंह सरदार ने भी ग्रामीणों से अपील की कि वे रेलवे द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें और अपने मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता है, इसलिए सभी ग्रामीण मिलकर रेलवे लाइन को सुरक्षित रखने में सहयोग दें।
यह संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मौके पर आरपीएफ व रेलवे के कई अधिकारी-कर्मचारी तथा ग्रामीण उपस्थित थे।



