झिमड़ी एकलव्य मॉडल स्कूल की चारदीवारी निर्माण में अनियमितता की शिकायत, अंचलाधिकारी ने किया निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

नीमडीह, 15 मई : चांडिल अनुमंडल अंतर्गत नीमडीह प्रखंड के झिमड़ी स्थित सोना डूंगरी में निर्माणाधीन एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की चारदीवारी निर्माण कार्य में अनियमितता से संबंधित मानभूम अपडेट्स में खबर प्रकाशित होने के बाद स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। चारदीवारी निर्माण में धांधली बरते जाने को लेकर उठे विवाद के बाद शुक्रवार को अंचलाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने कार्य स्थल का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य निजी जमीन पर कराए जाने तथा घटिया सामग्री उपयोग किए जाने की शिकायत की है।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी को बताया कि जिस भूमि पर चारदीवारी बनाई जा रही है, उसे कुछ लोग निजी जमीन बता रहे हैं। इसके साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी किए जाने का भी आरोप लगाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि संवेदक द्वारा निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मौके पर पहुंचे अंचलाधिकारी ने निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया।

इस दौरान निर्माण में पाई गई अनियमितताओं पर उन्होंने नाराजगी जताई और संवेदक के कर्मचारियों को गुणवत्ता पूर्ण तरीके से कार्य करने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का भी निर्देश दिया। अंचलाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने बताया कि जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि संबंधित भूमि पुनर्वास श्रेणी की है, किसी निजी व्यक्ति की जमीन नहीं है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने के बजाय लोग प्रशासन से सही जानकारी प्राप्त करें।

इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि संवेदक पर पहले भी घटिया निर्माण सामग्री उपयोग करने के आरोप लग चुके हैं। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले विद्यालयों के निर्माण कार्यों में ही भ्रष्टाचार और लापरवाही होगी, तो देश से भ्रष्टाचार खत्म करने की बातें खोखली साबित होंगी। लोगों ने पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। मानभूम अपडेट्स ने इस kममले में पांच और 13 मई को खबर प्रकाशित किया था।

Share This Article