मानगो में राहुल शर्मा पर जानलेवा हमला, 20-25 युवकों ने घेरकर हॉकी-बैट और बोतल से पीटा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मानगो में राहुल शर्मा पर जानलेवा हमला, 20-25 युवकों ने घेरकर हॉकी-बैट और बोतल से पीटा

जमशेदपुर, 01 सितंबर : मानगो के उलीडीह ओपी क्षेत्र में सोमवार शाम एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में राहुल शर्मा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

परिजनों के अनुसार, राहुल सोमवार शाम अपने घर से बाहर निकला था। इसी दौरान करीब 20 से 25 युवकों ने उसे घेर लिया और हॉकी, बेसबॉल बैट तथा कांच की बोतल से उस पर हमला कर दिया। हमले में राहुल के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

परिजनों ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान हमलावरों की ओर से गोली भी चलाई गई। हालांकि गोली राहुल को नहीं लगी और उसके ऊपर से निकल गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गंभीर रूप से घायल राहुल को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। परिजनों का दावा है कि कुछ महीने पहले भी राहुल के साथ इन्हीं युवकों द्वारा मारपीट की गई थी। उनका आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर दोबारा हमला किया गया है।

घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमले में शामिल युवकों की पहचान तथा घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही गोली चलने के आरोप की भी पुष्टि हो सकेगी।

Share This Article