दुर्गा पूजा से पहले जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा के त्वरित उपाय लागू होंगे, टाटा स्टील करेगी ट्रैफिक व्यवस्था का सर्वे

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दुर्गा पूजा से पहले जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा के त्वरित उपाय लागू होंगे, टाटा स्टील करेगी ट्रैफिक व्यवस्था का सर्वे

जमशेदपुर, 19 सितंबर : शहर में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने शनिवार को समाहरणालय में टाटा स्टील के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान, यातायात प्रवाह में सुधार और सुरक्षात्मक उपायों के चरणबद्ध क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।

बैठक में प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लेफ्ट फ्री व्यवस्था, जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइट, डिवाइडर एवं स्लाइडर, ट्रैफिक सिग्नल तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था तथा यातायात संचालन को बेहतर बनाने के उपायों पर भी चर्चा हुई।

उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म प्लान में बांटकर समयबद्ध तरीके से लागू करने पर जोर दिया। शॉर्ट टर्म के तहत त्वरित रूप से किए जा सकने वाले उपायों को आगामी दुर्गा पूजा से पहले प्राथमिकता के आधार पर लागू करने की बात कही गई, ताकि त्योहार के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को नियंत्रित किया जा सके।

मिड टर्म योजना के तहत अगले दो से तीन महीनों में आवश्यक संरचनात्मक और यातायात प्रबंधन संबंधी उपाय चरणबद्ध तरीके से लागू किए जाएंगे। वहीं, लॉन्ग टर्म योजना के लिए टाटा स्टील के तकनीकी विशेषज्ञ शहरी क्षेत्र का विस्तृत सर्वेक्षण करेंगे। सर्वेक्षण के आधार पर रिपोर्ट और सुझाव उपायुक्त कार्यालय को सौंपे जाएंगे।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारीब, डीडीसी नागेंद्र पासवान, एसडीओ धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी समेत टाटा स्टील एवं संबंधित एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article