सिल्ली में हाथियों का आतंक, जयदेव महतो का घर ध्वस्त, अनाज किया बर्बाद

रांची/सिल्ली, 29 जुलाई : सिल्ली प्रखंड के विभिन्न गांवों में बीते कुछ दिनों से हाथियों का बड़ा झुंड लगातार आतंक मचा रहा है। बताया जा रहा है सिल्ली प्रखंड के तुयकू गांव में हाथियों का यह झुंड आ धमका और गांव के निवासी जयदेव महतो का घर पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। घर में रखे अनाज को हाथियों ने खा लिया और काफी क्षति पहुंचाई।
ग्रामीणों के अनुसार, झुंड में हाथियों की संख्या अधिक थी, जिससे ग्रामीण उन्हें भगाने में असमर्थ रहे। हाथियों के डर से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के समाजसेवी देवेंद्र नाथ महतो मौके पर पहुंचे और वन विभाग को इसकी सूचना दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया और क्षतिपूर्ति का आश्वासन भी दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से हाथियों की बढ़ती गतिविधियों पर शीघ्र नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।



